सहारनपुर. मानसून आते ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस कारण नदियां भी ऊफान मारने लगी हैं। ताजा मामला सहारनपुर का है, जहां शिवालिक की पहाड़ियों पर भारी बारिश हो रही है और घाड़ क्षेत्र की नदियों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। शनिवार को बादशाही बाग की नदी के ऊफान पर आने से सवारियों से भरी एक बोलेरो कार तिनके की तरह बह गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। समय रहते कार सवार महिला समेत तीन लोगों को बचा लिया गया है। जबकि बोलेरो कार को अभी तक भी नहीं निकाला जा सका है।

ज्ञात हो कि शिवालिक की पहाड़ियों पर लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण शाकंभरी देवी मंदिर की यात्रा भी प्रभावित हो रही है। बरसाती नदियों के ऊफान पर आने से लगातार हालात खराब होते जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को शामली के झिंझाना के रहने वाले बाबूराम और नईम फैजाबाद के लिए निकले थे। बादशाही बाग के पास उनसे एक बुजुर्ग महिला ने लिफ्ट मांगी तो उन्होंने महिला को अपनी कार में बिठा लिया। जैसे ही वह लोग आगे बढ़े तो बादशाही बाग नदी में पानी काफी था।

इसी बीच वे बोलेरो कार से नदी पार करने लगे। जैसे ही उन्होंने कार आगे बढ़ाई तो अचानक नदी में तेज बहाव के साथ पानी आया और उनकी कार तिनके की तरह बहने लगी। इस पर दोनों कूदकर अपनी जान बचाई और महिला को भी बचा लिया, लेकिन उनकी कार बह गई।

गनीमत रही कि समय रहते कार में सवार कूद गए, नहीं तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। इस घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।