मेरठ। उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बसपा पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने अपनी पत्नी सुनीता वर्मा के साथ शनिवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी ज्वॉइन कर ली। मेरठ के आधा दर्जन पार्षदों ने योगेश वर्मा के साथ समाजवादी पार्टी ज्वॉइन की है। करीब 400 समर्थकों के साथ योगेश वर्मा ने सपा ज्वॉइन की है। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा बड़ी संख्या में लोग लगातार समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने आज की जॉइनिंग ऐतिहासिक बताई है।
बसपा से निष्कासित पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने पहले ही एलान किया था कि 16 जनवरी को महापौर पत्नी सुनीता वर्मा के साथ सपा का दामन थामेंगे। वहीं चार पूर्व विधायकों और एक दर्जन पार्षदों के भी सपा में शामिल होने की संभावना थी, जो शनिवार को पूरी हो गई। इस पूरी कवायद में सपा नेता अतुल प्रधान अहम भूमिका निभा रहे हैं। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पति-पत्नी की साइकिल की सवारी का कार्यक्रम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुआ।
योगेश हस्तिनापुर से 2007 में विधायक रह चुके हैं। 2012 के चुनाव में बसपा से निष्कासित होने के बाद पीस पार्टी से चुनाव लड़े थे। दूसरे नंबर पर रहने के बाद उन्होंने बसपा में वापसी की और 2017 के चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे। योगेश को 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद अक्तूबर में योगेश को पत्नी सहित पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। तभी से उनके सपा और भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
उधर, चर्चा है कि सपा के कुछ नेता योगेश के पार्टी में आने का विरोध कर रहे हैं। इनको साधने के लिए योगेश की ज्वॉइनिंग के समय लखनऊ बुलाया गया है। कहा जा रहा है कि सपा में उनके शामिल होने का मामला हस्तिनापुर से टिकट पर अटका रहा था। यहां से बसपा के टिकट पर उनके मुकाबले चुनाव लड़ चुके प्रशांत वर्मा अब सपा में है। यही नहीं, सपा से विधायक रह चुके प्रभु दयाल बाल्मीकि भी चुनावी तैयारी में जुटे हैं। इन दोनों नेताओं के विरोध के चलते मामला खिंच रहा था।
अतुल का दावा, गुर्जर-दलित समीकरण बनेगा
योगेश ने अतुल को सवा सौ लोगों की सूची सौंपी थी, जो सपा में शामिल होंगे। इस दौरान योगेश ने कहा कि सपा सभी वर्गों के हित में कार्य करने वाली पार्टी है। उनकी विचारधारा से प्रेरित होकर ही मैंने पत्नी सहित सपा में जाने का निर्णय लिया है। वहीं, अतुल प्रधान ने कहा कि योगेश के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और जिले में गुर्जर-दलित समीकरण बनेगा।