मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने दो युवकों पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

युवती ने थाना सिविल लाइंस में तहरीर देते हुए बताया कि गांव के युवक बिलाल ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि वह उसे सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।

कुछ दिन बाद बिलाल ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उसे मेरठ बुलाया। मेरठ में आरोपित ने अपने साथी चांद के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए आठ लाख रुपये की मांग की। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।