मुजफ्फरनगर में निजी कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि राहुल को देश की नहीं बल्कि कांग्रेस को जोड़ने की जरूरत है। देश की भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जड़ बहुत मजबूत है। भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा से होकर गुजरी है। लेकिन उसका कोई प्रभाव वहां दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि जिस संदर्भ में राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे हैं मौजूदा परिप्रेक्ष्य में उसका कोई औचित्य ही नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत जुड़ा हुआ है और अखंड है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक है।

जेजेपी के कुछ नेताओं के हाल में ही हरियाणा में भाजपा ज्वाइन किए जाने पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सियासत में यह सब चलता रहता है। कुछ कार्यकर्ता गए हैं, लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जेजेपी हरियाणा में लगातार विस्तार कर रही है और उसका जनाधार भी लगातार बढ़ता जा रहा है। हरियाणा से बाहर जेजेपी के विस्तारीकरण की योजना के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी का एक विचार है और उस विचार को देश के अन्य राज्यों के लोग फ्री अंगीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हरियाणा से अलग दूसरे राज्य के ऐसे लोगों का स्वागत करते हैं जो जननायक जनता पार्टी की नीतियों से प्रभावित हैं।

इस दौरान चरथावल विधायक पंकज मलिक, एडवोकेट असद जमा, डॉक्टर रविश खान, भूपेंद्र चौधरी, नीरज त्यागी, अनुज त्यागी आदि मौजूद रहे।