मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली की खालापार पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही अनिल कुमार ने इंसानियत का परिचय देकर एक मुस्लिम महिला के लिए रक्तदान किया। महिला को आंत फटने के कारण एक यूनिट रक्त की जरुरत पड़ रही थी। सिपाही को बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश से मुस्लिम महिला कूकड़ा निवासी गुलिस्ता के लिए एक यूनिट खून की जरूरत होने की जानकारी मिली। महिला का भाई प्रवेज जिला अस्पताल में रक्तदाता का इंतजार कर रहा था। सिपाही ने वहां पहुंच कर प्रवेज से संपर्क कर रक्तदान किया।

प्रवेज ने सिपाही का आभार जताया। प्रवेज ने बताया कि उसकी बहन गुलिस्ता को आंत फटने के कारण एक यूनिट रक्त की जरुरत पड़ रही थी। उसकी बहन जानसठ रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती है। गुलिस्ता को पहले ग्यारह यूनिट रक्त चढ़ चुका था। प्रवेज ने सिपाही अनिल कुमार का मसीहा बताया।