मुजफ्फरनगर। धान की बिक्री ने तेजी पकड़ ली है। लेकिन अभी तक सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों ने पंजीकरण नहीं कराए। शहर की मंडी में अपेक्षा के अनुरूप आवक नहीं बढ़ी है। इसकी वजह यह है कि अधिकतर किसान खेतों से ही बिक्री कर रहे हैं। कटाई मशीन संचालकों को खेतों से धान बेचा जा रहा है। हरियाणा से आई मशीनें धान की कटाई कर रही है। रामराज मंडी में बिजनौर, मेरठ और मुजफ्फरनगर के किसानों की संख्या बढ़ रही है।

गुड़ मंडी में धान की खरीदारी करने वाले व्यापारी जितेंद्र कुच्छल बताते हैं कि आढ़तियों के पास अभी तक अपेक्षित धान नहीं पहुंचा है। इसकी वजह यही है कि इस बार हरियाणा से फसल की कटाई के लिए मशीनें बुलाई गई है। खेत में कटाई के साथ ही ठेकेदार धान खरीद रहे हैं। जिले के अधिकतर किसान बासमती की 1509 वैरायटी की बुआई करते हैं, सरकारी केंद्रों पर इसकी खरीदारी नहीं होती।