मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए डीएम चन्द्रभूषण सिंह के निर्देश पर प्रशासन ने भी कमर कस ली है। नगरपालिका परिषद् में चल रही तैयारियों के साथ ही वरिष्ठ निकाय प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने भी अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए मीटिंग ली।
शनिवार को लोकवाणी सभाकक्ष कलेक्ट्रेट में आयोजित मीटिंग के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की रूपरेखा तय करते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर को तीन सेक्टरों नई मंडी, सिविल लाइन और शहर कोतवाली क्षेत्र में बांट कर तीन एसडीएम नोडल अधिकारी बनाए गए है। सभी एसडीएम के नेतृत्व में चार अफसरों की टीमें गठित की हैं, जो अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगी। सोमवार से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह और सीओ सिटी कुलदीप कुमार पर्यवेक्षक बनाए गए हैं।
इस अभियान के लिए नई मंडी में डिप्टी कलेक्टर पुष्कर चौधरी, कोतवाली क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार, सिविल लाइन क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर अशोक कुमार नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इनके नेतृत्व में चार अधिकारी रहेगे, जिनमें संबंधित थानों के इंस्पेक्टर, नगर पालिका के ईओ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, कर निर्धारण अधिकारी और लोक निर्माण विभगा का एक अधिकारी शामिल रहेगा। सभी टीमों को संसाधन और नगर पालिका की टीम ईओ उपलब्ध कराएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सोमवार से अभियान चलेगा। जिस क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा। एक दिन पहले मुनादी कराई जाएगी। अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना किया जाएगा। इसके बाद भी अतिक्रमण किया तो नगर पालिका की ओर से संबंधित लोगो पर कड़ी कार्यवाही होगी। बैठक में सीओ नई मण्डी हिमांशु गौरव, डिप्टी कलेक्टर अशोक कुमार, मनोज कुमार, पुष्कर चौधरी, ईओ पालिका हेमराज सिंह के साथ ही थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।