मुजफ्फरनगर । फुलत गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 10 मिनट तक खूनी खेल चला। इस खूनी खेल में हंसते-खेलते दो किसान परिवार उजड़ गए हैं।

रतनपुरी के फुलत गांव में हंसते-खेलते दो किसान परिवार बदले की आग में उजड़ गए। सिर्फ 10 मिनट के खूनी खेल में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। महिला समेत दोनों पक्षों के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।

अनुसूचित जाति के राजू का बेटा अंकित गांव में ही नाई की दुकान चलाता था। इसी दौरान पड़ोस के हरिमोहन की बेटी के साथ उसका प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। दोनों ने एक साल पहले गुपचुप तरीके से आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। करीब आठ महीने पहले दोनों गांव से चले गए थे। यहीं से रंजिश की शुरुआत हुई।

गांव के गणमान्य लोगों ने दोनों परिवार को समझा-बुझाकर मामला शांत भी करा दिया था। दोनों परिवार मान भी गए थे, लेकिन मंगलवार रात बदले की आग सुलगी तो दोनों परिवार कुछ ही देर में उजड़ गए। पूर्व प्रधान प्रेमपाल ने घटना पर दुख जताया। वह कहते हैं कि दोनों परिवारों को अलग-अलग समझाया गया था, दोनों ही सहमत हो गए थे, लेकिन अचानक ही यह वारदात हो गई।

मृतक अंकित के पिता राजू की ओर से दूसरे पक्ष के हरिमोहन, उसकी पत्नी मीना, बेटे राहुल, रोहित व सचिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इनमें रोहित और राहुल की मौत हो गई है। घायल हरिमोहन का उपचार चल रहा है और उसकी पत्नी मीना व बेटे सचिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरे पक्ष के गोवर्धन की ओर से राजू, उसके बेटे अंकित, बबलू, जोशी व मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अंकित की मौत हो चुकी है। पुलिस ने अन्य चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि दोनों पक्षों के तीन लोगों की मौत हुई है। दस आरोपियों में से छह गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि एक आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दरांती, दाव, देसी पिस्टल और नौ कारतूस .32 बोर के बरामद किए गए हैं। चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

अंकित से प्रेम विवाह करने वाली करुणा बुधवार को गांव पहुंची। इस दौरान वह कड़ी पुलिस सुरक्षा में रही। पुलिस के घेरे में ही पहले उसे पोस्टमार्टम हाउस ले जाकर अंकित के शव को दिखाया गया। इसके बाद उसके रतनपुरी थाने में लाया गया। करुणा इन दिनों मेरठ के पल्लवपुरम में अंकित के साथ रह रही थी।