मुजफ्फरनगर। शहर की राजनीति के पुराने परिवारों में शामिल स्वरूप परिवार ने शनिवार को एकजुटता दिखाई है। परिवार एक होकर सौरभ स्वरूप बंटी के पक्ष में खड़ा हो गया है। पहली बार मीडिया के सामने आए परिवार ने कहा कि गौरव का भाजपा में जाने का व्यक्तिगत निर्णय है, इसमें परिवार साथ नहीं है।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप के भाजपा में शामिल होने के बाद स्वरूप परिवार ने शुक्रवार रात बैठक की। इसके बाद परिवार के सदस्य शनिवार को मीडिया के सामने आए। अनुज स्वरूप बंसल के आवास पर पत्रकारों से बातचीत की गई। परिवार के मुख्य सदस्य शंकर स्वरूप बंसल और आशुतोष बंसल ने कहा कि गौरव स्वरूप से राजनीतिक मतभेद है, मनभेद कुछ भी नहीं है। वह भी परिवार के हैं, लेकिन भाजपा में जाने के उनके निर्णय के साथ परिवार का कोई सदस्य नहीं है। पूरा परिवार सौरभ स्वरूप को एकजुट होकर चुनाव लड़ाएगा। इस दौरा रालोद-सपा के सदर सीट से प्रत्याशी सौरभ स्वरूप सहित परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद रहे।