मुज़फ्फरनगर। चीनी मिल खतौली क्षेत्र के गावों में उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर ने दौरा किया। किसान विपिन त्यागी निवासी ग्राम खेड़ी तगान के खेत पर पहुंचकर कोव 15023 प्रजाति के बारे में किसानों से वार्ता की। उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर ओपी सिंह ने अच्छी उपज प्राप्त करने के लिए उत्तम कृषि क्रियाओं एवं अन्य उपायों के बारे में जानकारी दी।

किसान विपिन त्यागी ने बताया कि 15023 गन्ने का वजन को 0238 से अधिक है। कोव 15023 के एक गन्ने में 27 पौरी हैं तथा इसका वजन 2.400 किग्रा है, जो सभी कृषकों की उपस्थित में तौला गया। जबकि कोव 0238 का उसी के बराबर लंबाई के गन्ने का वजन 2.100 किग्रा पाया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति भी 0238 जैसी ही है, पहले उसमें भी बहुत नुकसान होता था, परंतु अधिकांश लोगों के बुवाई करने पर कोई नुकसान नहीं है।

उप गन्ना आयुक्त ने कृषकों को 15023, 0118 की बुवाई करने की सलाह दी। ट्रेंच विधि से गन्ना लगाकर अधिक उपज प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। किसानों से बीज का उपचार थाओ फिनाएट मिथाइल एवं मृदा उपचार ट्राइकोडर्मा से करके गन्ने की बुवाई करने का सुझाव दिया। उप महा प्रबंधक गन्ना एके सिंह ने पॉपुलर के बढ़ते हुए क्षेत्रफल पर कहा कि ज्यादा क्षेत्रफल में पॉपुलर लगने की स्थिति में लाभ की संभावना बहुत कम है। इस अवसर पर क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।