सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बहुचर्चित खनन माफिया एवं पूर्व बसपा एमएलसी मोहम्मद इकबाल के खिलाफ विजिलेंस ने आय से ज्यादा संपत्ति होने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजिलेंस निरीक्षक रणवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि विधान परिषद सदस्य रहने के दौरान मोहम्मद इकबाल की वैध स्रोत्रों से आय एक करोड़ 12 लाख रूपए थी।
उस समय में उसने छह करोड़ 91 लाख रूपए खर्च दिखाए जो उसकी आय से छह गुना ज्यादा थी। प्रवर्तन निदेशालय ने भी मोहम्मद इकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हुआ है और वह भी इसकी जांच कर रहा है।
विजिलेंस ने शासन से अनुमति मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13-1बी एवं 13-2 के तहत मेरठ सेक्टर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। सहारनपुर पुलिस ने मोहम्मद इकबाल और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया हुआ है।
एसएसपी आकाश तोमर के मुताबिक मिर्जापुर और थाना बेहट पुलिस ने इकबाल के एक बेटे अलीशान को 13 मई को और दूसरे बेटे अफजाल को छह जून को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के पांच मुकदमें दर्ज हैं। इकबाल अभी फरार है।