
लखनऊ। बडी राजनीतिक हस्तियों के निजी जीवन के बारे में जानने की उत्सुकता हमेशा लोगां के बीच बनी रहती है। आज हम आपको समाजवादी पार्टी के बडे नेता तथा पूर्व सीएम अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव की संपत्ति के बारे में बताने जा रहे हैं। रामगोपाल यादव ने आज ही राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। इसके साथ ही उन्होने अपनी संपत्ति का ब्यौरा भी दिया है।
समाजवादी पार्टी के महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया। रामगोपाल यादव 14 करोड़ 19 लाख रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। जिसमें से चल संपत्ति 2 करोड़ 9 लाख 42 हजार 611 रुपये व अचल संपत्ति 12 करोड़ 10 लाख रुपये है। इसके अलावा वह हथियारों के भी शौकीन हैं। उनके पास कार्बाईन, रायफल और एक रिवॉल्वर है। ये जानकारी उन्होंने नामांकन के साथ दाखिल किए गए हलफनामे में दी है। रामगोपाल यादव राजनेता बनने से पहले एक शिक्षक थे। वह सपा के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते समय उनके साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे। बता दें कि यूपी में 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। विधायकों की क्षमता के आधार पर समाजवादी पार्टी अपने एक सदस्य को राज्यसभा भेज सकती है। इसलिए रामगोपाल यादव का चुनाव जीतना लगभग तय माना जा रहा है।
धमाकेदार ख़बरें
