मुजफ्फरनगर। प्रसव के उपरांत तबीयत बिगड़ जाने पर एक विवाहिता की मौत हो गई। वहीं विवाहिता के पिता ने दहेज उत्पीड़न व मारपीट कर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए ससुरालजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

ककरोली थाना क्षेत्र के गांव कमहेड़ा में बेटे को जन्म देने के बाद विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता लियाकत निवासी गांव पिमोडा थाना जानसठ ने थाना ककरोली पर तहरीर देकर बताया पांच वर्ष पूर्व उसकी बेटी नगमा का निकाह कमहेड़ा निवासी मिजाज से हुआ था। ससुरालजन दहेज के लिए परेशान करते थे। गत 11 सितम्बर की रात 10 बजे ससुरालजनों ने मिलकर गर्भवती नगमा के साथ मारपीट की। हालत बिगड़ने पर उसे जानसठ ले जाया गया, जहां उसने पुत्र को जन्म दिया। लेकिन भारी रक्तस्राव से नगमा की तबीयत बिगड़ गई। मुजफ्फरनगर ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मिजाज,साहिबा, अनीसा,रियाज़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।