मेरठ : अस्पताल में जैसे ही लिफ्ट टूटकर गिरी, ऐसा लगा मानो धमाका हो गया हो। तकनीकी टीम ने आकर लिफ्ट में फंसे लोगों को निकाला। तीन लोग घायल हुए हैं। इस दौरान परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था।
हापुड़ चुंगी पर कैपिटल हॉस्पिटल में बृहस्पतिवार को अचानक लिफ्ट टूटने से जच्चा की मौत हो गई, जबकि वार्ड ब्वॉय समेत तीन लोग घायल हो गए। महिला के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ कर दी।
कैपिटल हॉस्पिटल में किठौर क्षेत्र की एक महिला अपने परिजनों के साथ आई थी। एक दिन पहले ही उसकी डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद बच्चे को नीचे नर्सरी में शिफ्ट कर दिया गया था। महिला को भी नीचे ले जाया जा रहा था। अचानक ही लिफ्ट टूट गई और धड़ाम से नीचे आ गिरी। एक झटके से महिला गिरी और उसकी गर्दन फंस गई। लिफ्ट टूटी तो जोर का धमाका सा हुआ, जिसके बाद लोग बचाने के लिए दौड़ पड़े। लिफ्ट में फंसे लोग बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। इसके बाद अस्पताल की टेक्निकल टीम मौके पर आ गई। कुछ देर में लिफ्ट में फंसे लोगों को निकाल लिया गया। डॉक्टरों ने जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन अन्य लोगों को भर्ती किया गया।
महिला के परिजनों को जब यह पता चला तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल के शीशे और बेड तोड़ दिया। अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना था कि सीसीटीवी चेक कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अस्पताल से सभी मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।