मुजफ्फरनगर। निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के आरक्षण को प्रस्तावित कर दिया गया है। मुजफ्फरनगर और खतौली नगर पालिका अनारक्षित रहेगी, जबकि नगर पंचायत चरथावल और सिसौली को महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। दोनों जगह चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को अब परिवार की महिलाओं के भरोसे मैदान में उतरना पड़ेगा।

निकाय चुनाव का वार्ड आरक्षण पहले ही घोषित हो चुका है। सोमवार को अध्यक्ष पद के आरक्षण की घोषणा कर दी गई है। जिले की दोनों पालिकाओं को अनारक्षित वर्ग में रखा गया है, जिससे टिकट के दावेदारों को बड़ी राहत मिलेगी। मुजफ्फरनगर शहर और खतौली को अनारक्षित किए जाने से टिकट के दावेदार बढ़ जाएंगे। पिछली बार की तरह इस बार भी सिसौली को महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है, जिससे यहां चुनाव की तैयारी कर रहे पुरुष दावेदारों को जोर का झटका लगा है। इस बार यहां आरक्षण में बदलाव की संभावना थी। चरथावल भी महिला वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जबकि नगर पंचायत भोकरहेड़ी अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। जिले में नगर पंचायत जानसठ, मीरापुर, पुरकाजी, बुढ़ाना और शाहपुर को भी अनारक्षित वर्ग में रखा गया है।