मुजफ्फरनगर। हरियाणा के पानीपत शहर में दिल्ली पैरलल नहर में तीन दिन पहले डूबे युवक का शव बरामद हुआ है। युवक का शव उसी जगह से मिला, जहां वह डूबा था। युवक की पहचान यूपी के मुजफ्फरनगर जिला के गांव छपरौली निवासी अभिषेक(22) के रूप में हुई है।
नहर से शव निकालने के बाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई में जुटी है। मृतक 4 भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था।
जानकारी देते हुए गोपाल कॉलोनी प्रधान प्रेमवती कश्यप ने बताया कि उसका जानकार सचिन निवासी पूजा कॉलोनी है। जिसके बाद उसका भांजा अभिषेक करीब सवा माह पहले यूपी से आया था। यहां वह मामा के घर चल रहे निर्माण कार्य में मदद करवाने आया था।
14 फरवरी की दोपहर को खाना खाने के बाद वह नहर किनारे टहलने चला गया। जहां उसे नहर में नारियल दिखाई दिए। इसके बाद वह नहर में नारियल लेने उतर गया। हालांकि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए व नारियल को नहर किनारे ही बैठ कर निकाल रहा था। वह दो नारियल निकाल चुका था।
तीसरा नारियल निकालते वक्त उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गया। 17 फरवरी की सुबह नहर का पानी रुकवाने के बाद उसका शव उसी जगह से बरामद हुआ, जहां वह डूबा था। दरअसल, उस जगह काफी गहराई थी, जिसके चलते वहां वह औंधे मुंह अटका हुआ था।