मुजफ्फरनगर. राजस्व विभाग की टीम ने शनिवार को पुलिस फोर्स को साथ लेकर खतौली के अंतवाड़ा गांव के तालाब से अवैध कब्जा हटवाया है। तालाब की भूमि पर बने अस्थायी रूप से लोगों ने बाउंड्री कराकर रखी थी। इसके अलावा कुछ लोंगों के पक्के मकान भी बने है। टीम ने जांच-पड़ताल के बाद कार्रवाई की है। आदर्श गांव अंतवाड़ा में प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों के लिए खूब बजट दिया है।
प्रदेशभर में सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जा हटवाया जा रहा है। अंतवाड़ा में तालाब की भूमि पर वर्षों से लोगों ने कब्जा कर रखा है। यहां कानूनगो, लेखपाल ने जांच-पड़ताल की थी। शनिवार को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर संपत्ति से अवैध कब्जा हटवाया है।
इसके साथ ही कुछ लोगों के पक्के मकान बने हैं, जिन्हें हटाए जाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। उधर, गांव चिंदौड़ा में भी कानूनगो बबलू कुमार ने लेखपाल और पुलिस के साथ मिलकर तालाब की भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पुलिस ने हड़का कर शांत कर दिया।