बदायूं। पत्नी से विवाद के बाद सिपाही ने अपने कमरे में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्वजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर के गांव लझेड़ा निवासी गौरव कुमार वर्ष 2017 बैच के सिपाही थे। मंगलवार रात ड्यूटी करने के बाद अपने कमरे में आ गए थे। बुधवार को पत्नी से किसी बात पर बहस हुई। उसने फोन काटते हुए कहा कि वह मरने जा रहा है। इसके बाद उसने काल काट दी।
पत्नी ने कई बार काल की लेकिन बात नहीं हो सकी। इस पर पत्नी ने एक अन्य सिपाही को सूचना दी और कमरे पर जाकर बात कराने को कहा। सिपाही जब कमरे पर पहुचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने अंदर झांककर देखा तो उसकी चीख निकल गई। अंदर सिपाही गौरव फंदे पर लटका था।
साथी सिपाही ने तत्काल अलापुर इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को नीचे उतारा गया। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह ने बताया स्वजन को सूचना दे दी गई है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।