मुजफ्फरनगर। कारगिल शहीद बचन सिंह की पुण्यतिथि पर पचेंडा रोड के नामकरण का विवाद समाप्त हो गया। डीएम चंद्रभूषण सिंह की मध्यस्थता के बाद राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने शांति मार्च नहीं निकाला। डीएम कार्यालय पर दोनो पक्षों का समझौता कराते हुए शहीद के नाम पर ही मार्ग का नाम रखने पर सहमति हुई।

लांस नायक शहीद बचन सिंह के बलिदान दिवस पर बचन सिंह चौक पर सुबह के समय यज्ञ का आयोजन हुआ। इसके बाद मौजूद लोगों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। यहां से राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने शांति मार्च निकालने की घोषणा की थी। डीएम सीबी सिंह की बचन सिंह मार्ग के नाम करण को लेकर चल रहे विवाद में पहल के बाद संस्था ने अपना निर्णय वापिस ले लिया।

डीएम ऑफिस पर दोनो पक्षों को बुलाया गया था। दोनो पक्षों के सामने डीएम सीबी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रक्रिया के तहत शहीद के नाम पर मार्ग का नाम रखा गया, इसमें छेड़खानी नहीं की जा सकती। अंत में दोनो पक्षों को सहमत कर दिया गया।

सैनिक संस्था के कर्नल ओमप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन सुरेश चंद त्यागी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र राठी, जिला महासचिव प्रमेंद्र राठी, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार, अर्जुन पहलवान, बालेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, कैप्टन केपी सिंह गोलियान, हेमंत कुमार, धर्मेंद्र तोमर, नवीन मौजूद रहे। वहीं पंजाबी समाज की ओर से सरदार अमरजीत सिंह सिडाना, चरणजीत सिंह चन्नी बेदी, सतनाम सिंह हंसपाल, विवेक चुग आदि रहे।

सिटी मजिस्ट्रेट अनूप सिंह ने बताया कि 14 जून को शाम तक जिन चार स्थानों पर गुरू नानकदेव मार्ग लिखा गया है, वहां से इसे हटा दिया जाएगा। पहले जैसी स्थिति ही रहेगी। मार्ग का नाम शहीद बचन सिंह मार्ग ही रहेगा।