मुजफ्फरनगर। दशहरा पर्व पर रावण दहन को पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी कमर कस ली है। पुलिस ने जनपद में सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। एसएसपी ने खुद मंगलवार को जीआईसी मैदान मे पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अग्निवीर भर्ती के कारण इस बार शहर में नुमाइश मैदान के स्थान पर जीआईसी मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया है। जनपद में कुल 48 स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए है।
शासन ने रावण दहन को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर सभी जनपदों के एसएसपी को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए है। जनपद में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती के कारण इस बार रावण दहन के मुख्य कार्यक्रम का स्थान बदला गया है। बुधवार को दशहरा पर्व पर रावण दहन का कार्यक्रम जीआईसी मैदान में होगा। जनपद में 52 स्थानों पर रामलीला मंचन का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। वहीं जनपद में 48 स्थानों रावन दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा। पुलिस प्रशासन ने रावण दहन के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर अपनी तैयारी पुरी कर ली है। मंगलवार को एसएसपी विनित जायसवाल व एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय ने जीआईसी मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिनस्थ पुलिस कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए है। खुफिया विभाग भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट है।
जीआईसी मैदान में रावण दहन के समय रुट डायवर्जन प्लान शहर में लागू कर दिया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि रावण दहन के समय सरकूलर रोड पर हैवी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। रेशू विहार फाटक से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी। इसके अलावा जानसठ रोड स्थित टिकैत चौक से वाहनों को विश्वकर्मा चौक की तरफ मोड दिया जाएगा। प्रकाश चौक व मिनाक्षी चौक से चार पहिया वाहनों के आवागमन पर कुछ समय के रोक दिया जाएगा। ताकि रोड पर जाम न लगे।