बागपत। बड़ौत के एक अस्पताल में भर्ती किशोरी के साथ अस्पताल में तैनात दूसरे वर्ग के कंपाउंडर द्वारा छेड़खानी करने का आरोप लगा है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। किशोरी के परिजनों ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
बिनौली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी को बीमारी के चलते उसके परिजनों ने नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार देर रात किशोरी बेड पर सो रही थी। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में तैनात दूसरे वर्ग के एक कंपाउंडर ने उपचार के बहाने किशोरी के साथ छेड़खानी की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी कंपाउंडर भाग निकला। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा किया।
रविवार को सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। उनकी अस्पताल कर्मचारियों से भी तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के बयान दर्ज किए। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इंस्पेक्टर संजय शर्मा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अस्पताल प्रशासन ने कंपाउंडर को अस्पताल से हटा दिया। अस्पताल मैनेजर ने बताया कि सुबह एक डॉक्टर अस्पताल का राउंड लेने गया था। इस दौरान किशोरी ने डॉक्टर को सारी बात बताई। डॉक्टर ने पूरी जानकारी अस्पताल के प्रबंधक को दी। इसके बाद कंपाउंडर की सेवा समाप्त कर दी गई है।