मुजफ्फरनगर। केन्द्र सरकार के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन की अगली कड़ी में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा घोषित चक्का जाम की तैयारियों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने भी जनपद मुजफ्फरनगर में इस आंदोलन को सफल करने की रणनीति बना ली है। जनपद में स्टेट और नेशनल हाईवे पर किसानों के द्वारा धरना दिया जायेगा। इसके साथ ही जाम के लिए किसानों को झोट्टा बुग्गी और ट्रैक्टर ट्राली के साथ पहुंचने का आह्नान किया गया है। भाकियू ने यूनियन कार्यकर्ताओं को भी जाम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी प्रदान कर दी है।

बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा तीन कृषि कानूनों और एमएसपी पर कानून बनाने के साथ ही किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर चार माह से आंदोलन चलाया जा रहा है। इस आंदोलन को मजबूती देने के लिए मोर्चा द्वारा 26 मार्च को देशव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया गया है। इस दिन इस आंदोलन को चार माह का समय पूरा हो रहा है। चक्का जाम को सफल बनाने के लिए संयुक्त मोर्चा में शामिल सभी किसान संगठनों ने अपनी अपनी तैयारी की है। दिल्ली बार्डर पर चल रहे धरने के साथ ही शुक्रवार को प्रस्तावित चक्का जाम की भी तैयारी कर ली गयी है। भारतीय किसान यूनियन ने भी चक्का जाम को सफल बनाने की रणनीति बना ली है। जनपद मुजफ्फरनगर में भाकियू कार्यकर्ता किसानों के साथ हाईवे को जाम करेंगे।

इस सम्बंध में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चै. राकेश टिकैत ने भी किसानों ने दिल्ली कूच के लिए तैयार रहने का आह्नान करते हुए कहा कि किसानों को अब बड़े संघर्ष में योगदान के लिए भी तैयार रहना होगा। समय आ रहा है कि एक बार फिर से दिल्ली में बनाये गये बेरिकेड को तोड़कर किसान एकजुट होकर दिल्ली में पहुंचे। यहां पर सरकार को किसानों की पीड़ा को समझना होगा। उन्होंने किसानों से 26 मार्च के चक्का जाम को पूरी ताकत के साथ सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान ट्रैक्टरों के साथ चक्का जाम करने के लिए सड़कों पर धरना देंगे। इस दौरान शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सरकार पुलिस के जोर पर किसानों के आंदोलन को दबाना चाहती है, लेकिन किसान किसी भी उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने बताया कि 26 मार्च के चक्का जाम को लेकर मुजफ्फरनगर में यूनियन पदाधिकारियों के साथ मिलकर पूरी रणनीति बना ली गयी है। इसके साथ ही चक्का जाम के धरना स्थल भी तय कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि भाकियू के कार्यकर्ता जनपद में छह स्थानों पर दिल्ली देहरादून और पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर किसानों को साथ लेकर चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के इस चक्का जाम आंदोलन को सफल बनाने के लिए यूनियन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गयी है। उन्होंने बताया कि जनपद में भाकियू कार्यकर्ताओं के द्वारा दिल्ली देहरादून हाईवे पर रामपुर तिराहा, शाहपुर पुलिस चैकी तिराहा, लालूखेडी बस स्टैण्ड, नावला कोठी, चै. चरण सिंह चैराहा मोरना, मोंटी तिराहा मीरापुर पर चक्का जाम किया जायेगा।

इस दौरान किसान हाईवे और सड़कों पर ही धरना देंगे। इसके लिए पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी गयी है। उन्होंने बताया कि चक्का जाम के दौरान यूनियन कार्यकर्ताओं को किसानों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। चक्का जाम के दौरान एम्बुलेंस, स्कूल की गाड़ियों, दुल्हा-दुल्हन और बारात की गाड़ियों के साथ ही कैदियों की गाडियों को निकालने की सुविधा दी जायेगी। इसके अलावा किसी भी अन्य वाहन को चक्का जाम से निकलने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने पशुओं और टैªक्टर ट्रालियों के साथ इस चक्का जाम में शामिल होना है।

किसानों के चक्का जाम को लेकर शुक्रवार को जनपद में पुलिस प्रशासन ने भी अलर्ट कर दिया है। सभी थानों को सतर्कता बरतने के अफसरों ने निर्देश दिये हैं। इसके साथ साथ चक्का जाम वाले प्वाइंटों पर भारी पुलिस बल तैनात करने की व्यवस्था की गयी है। पीएसी बल को भी चक्का जाम के लिए लगाया जायेगा।