लखनऊ। यूपी के आसमान पर बादल मेहरबान हो गए हैं। ये बादल अगले पांच दिनांे तक भिगोते रहेंगे। अगर, सच में ऐसा हुआ तो प्रदेश का सूखा कुछ हद तक कम हो जाएगा। मौसम विभाग ने राज्य के 28 जिलों में बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कानपुर, झांसी, अयोध्या और लखनऊ में मंगलवार रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है।

आंचलिक विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ पर बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फ पिघलने की वजह से इसका असर यूपी में देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। हवाओं के बीच बादलों में प्रॉपर नमी तो नहीं बन पा रही है, लेकिन मौसम बारिश वाला और ठंडा जरूर बना है। प्रदेश के तराई वाले क्षेत्रों जैसे- लखनऊ, लखीमपुर खीरी समेत कई ऐसे जिले हैं, जहां पर रात से तेज ठंड हवा चल रही है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, सहारनपुर, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सुल्तानपुर, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, बलिया, देवरिया और गाजीपुर में बुधवार को सामान्य बारिश का अलर्ट है।

उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटे में 5.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह औसत अनुमान से 20 फीसदी कम है। जेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में मानसून शुरू होने से अब तक 358 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह औसत अनुमान से 47 फीसदी कम है।

कानपुर में सुबह झमाझम बारिश हुई। अब भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हवाओं और बारिश ने लोगों को ठंडक का अहसास कराया है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है।

अयोध्या में आज सुबह तेज बारिश हुई। सुबह सवा आठ बजे तक की बात करें तो यहां झमाझम बारिश हो रही थी। घने बादल छाए हैं। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटे में सामान्य बारिश होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। दो दिनों की बारिश के बाद एक बार फिर सरयू नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है।

पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश का असर सहारनपुर में भी देखा जा रहा है। यहां ठंडी हवा चल रही है। सुबह से बादल छाए हैं। हल्की बारिश के बाद मुजफ्फरनगर का मौसम सुहाना हो गया है। बुधवार की भोर में शहर में हल्की बारिश हुई। इसकी वजह से मौसम ठंडा है, गर्मी से राहत मिली है। वेस्ट यूपी में 20 दिन बाद मौसम बदला हुआ नजर आया है। आज सुबह से मेरठ और आसपास के जिलों में बादल छाए हैं। सितंबर महीना आधा बीतने को है, लेकिन तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। आज तापमान में कमी आई है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना जताई है। मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, बिजनौर में 14 से 17 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एम शमीम ने बताया कि आज से बारिश की संभावना है। हवा की स्पीड 9 से 11 किमी प्रति घंटा चलने का पूर्व अनुमान है।