मेरठ। मेरठ से सटे सरधना में ‘चौबीसी परिवार नंबर वन’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों में शनिवार को हड़कंप मच गया, जब ग्रुप पर बरेली निवासी एक सेवनिवृत्त दरोगा के मोबाइल नंबर से एक साथ 25-30 अश्लील वीडियो डाल दी गई। जानकारी होने पर दरोगा ने ग्रुप सदस्यों से माफी मांगते हुए खुद को ग्रुप से अलग कर लिया। ग्रुप से जुड़े विधायक संगीत सोम भी अलग हो गए।
‘चौबीसी परिवार नंबर वन’ नाम के व्हाट्सएप सौ से ज्यादा सदस्य हैं। ग्रुप में जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी, पुलिसकर्मी के साथ समाजसेवी भी जुड़े थे। शनिवार को बरेली निवासी सेवानिवृत्त दरोगा के मोबाइल नंबर से ग्रुप में अश्लील वीडियो डाल दी गईं।
वीडियो देखते ही ग्रुप के सदस्य लेफ्ट होने लगे। सेवानिवृत्त दरोगा ने अश्लील वीडियो के लिए माफी मांगी और किसी अन्य द्वारा वीडियो डालने की जानकारी देने के बाद ग्रुप छोड़ दिया।
इसी दौरान ग्रुप से जुड़े लोगों ने ग्रुप एडमिन के बारे में जानकारी की। पता चला कि कैली गांव निवासी दूसरे समुदाय का भट्टा मालिक युवक है। इसके बाद दूसरे समुदाय के युवक के एडमिन होने पर सवाल उठने लगे।
बताया गया कि ग्रुप कपसाड़ के पूर्व प्रधान द्वारा बनाया गया था। वह इस समय ग्रुप से बाहर हैं। कपसाड़ के पूर्व प्रधान का कहना है कि उन्होंने ग्रुप बनाया था और कुछ दिन पूर्व किसी ने निकाल दिया था। उनके पास भी लोगों के फोन आए और उन्हें भी शर्मशार होना पड़ा।