लखनऊ। पंचायती राज मंत्रालय ने दीनदयाल पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए जालौन व मिर्जापुर जिला पंचायतों का चयन किया है। इन पंचायतों को 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस के अवसर पर 50 लाख रुपये की धनराशि से पुरस्कृत करके सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी पंचायती राज निदेशक अनुज कुमार झा ने बृहस्पतिवार को दी।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 3 क्षेत्र पंचायतों में नौझील (मथुरा), पथरदेवा (देवरिया) और बंगरा (झांसी) को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें प्रत्येक को 25 लाख रुपये की धनराशि से सम्मनित किया जाएगा। इसी तरह 13 जिलों, जालौन, झांसी, शामली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, अयोध्या, कुशीनगर, औरैया, मथुरा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बरेली व आगरा की 20 ग्राम पंचायतों को दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार योजना के तहत 8 लाख से 15 लाख (जनसंख्या अनुसार) की धनराशि मिलेगी।
नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार श्रेणी में ग्राम पंचायत हंसुड़ी औसानपुर (सिद्धार्थनगर) को चयनित किया गया है। इसे 10 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा। ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार ग्राम पंचायत अंटपुर (बरेली) को मिलेगा। इसे 5 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बाल मैत्रिक ग्राम पंचायत पुरस्कार श्रेणी में ग्राम पंचायत रामपुरा (जालौन) चयनित हुई है। इसे भी 5 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा। निदेशक पंचायती राज ने बताया कि राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस का आयोजन सभी त्रिस्तरीय पंचायतों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा।