मुजफ्फरनगर। देश के सभी तीर्थों में अपना अहम स्थान रखने वाले शुकतीर्थ के लोगों तथा यहां आने की चाह रखने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बडी खुशखबरी है। जल्द ही यहां से सीधे लखनऊ के लिए बस सेवा शुरु करने पर विचार चल रहा है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों ने शुक्रताल पहुंचकर लोगां से चर्चा की।
उत्तर प्रदेश शासन ने आदेश दिए है कि सभी जनपदों में जो भी तीर्थ स्थल हैं वहां तक बसों का संचालन किया जाए। प्रदेश की राजधानी को भी बसों के माध्यम से तीर्थ स्थलों से जोड़ा जाए। सभी तीर्थ स्थलों तक हर जिले से बसों का संचालन कराया जाए।
जनपद के परिवहन निगम अधिकारियों ने इस ओर कदम बढ़ाए है। मंगलवार दोपहर परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक व सहायक स्टेशन अधिकारी राज कुमार तोमर आदि अधिकारियों ने शुक्रताल पहुंच कर वहां का सर्वे किया। स्थानीय लोगों के साथ ही गण्यमान्य लोगों से भी वार्ता की गई।
वर्तमान में शुक्रताल से चलाई जा रही रोडवेज बसों की सेवा के बारे में जानकारी ली। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नई बस चलाने के बारे में उन्होंने अपनी टीम के साथ शुक्रताल पहुंच कर सर्वे किया है। क्षेत्रीय लोगों से बातचीत की है। वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर निर्णय लिया जाएगा।