नई दिल्ली। आज देश 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज के दिन हमारे देश में संविधान लागू हुआ था। इसी खास मौके को हम हर साल गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। आज का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि पूरी दुनिया हमारी ताकत से रूबरू होती है। भारतीय सेना कर्तव्य पथ पर अपनी ‘आन बान और शान’ को पेश करेगी।
कर्तव्य पथ पर परेड के दौरान ‘स्वदेशी’ का संदेश देते हुए ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों पर अहम फोकस होगा। हमारे अत्याधुनिक हथियार कर्तव्य पथ पर दिखाई देंगे। तिरंगे को फहराने के बाद 21 बंदूकों की सलामी भारत में बनी 105 एमएम की इंडियन फील्ड गन्स से दी जाएगी। 105 एमएम की इंडियन फील्ड गन्स ने पुरानी 25-पाउडर गन्स को रिप्लेस किया है।
भारतीय सेना मुख्य रूप से अर्जुन टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम और के-9 व्रज का प्रदर्शन करेगी। इस दौरान ले. कमांडर दिशा अमृत परेड में नेवी के 144 नौसैनिकों की टुकड़ी को लीड करेंगी। ऐसा पहली बार है कि मार्च टुकड़ी में तीन महिलाएं और 6 अग्निवीर शामिल हो रहे हैं। इस दौरान नौसेना की झांकी निकलेगी जिसका मंत्र है – युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, सामंजस्यपूर्ण और फ्यूचर प्रूफ। इसमें नारी सश्क्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की झलक मिलेगी। चार एमआई-17 1वी/वी5 कर्तव्य पथ पर मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेंगे।
इस कार्यक्रम में नौ राफेल लाड़ाकू विमान भी दिखाई देंगे और नेवी का आईएल-38 एयरक्राफ्ट भी शोकेस किया जाएगा। इसके अलावा BMP-2 सारथ, शॉर्ट स्पैन ब्रिज सिस्टम, मोबाइल सेक्युरिटी सिस्टम और क्विक एक्शन टीम व्हीकल भी होंगे। यह पहली बार होगा जब देश के दुश्मनों से निपटने वाले गरुड़ कमाडों परेड का हिस्सा बनेंगे।
कर्तव्य पथ पर 23 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। ये झांकिया 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ ही छह विभिन्न मंत्रालयों के द्वारा तैयार की गई हैं। इस दौरान देश की जीवंत सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक और समाजिक प्रगति की झल दिखाई देगी। आज 65 हजार से ज्यादा लोग परेड का लुत्फ उठा सकेंगे।
इन हजारों लोगों को आज अपने देश में बने हथियारों की ताकत सामने से देखने का बेहतरीन मौका मिलेगा। इस दौरान जवानों की ओर से करतब भी दिखाए जाएंगे। पूरी दुनिया देखेगी कि कैसे भारत की फौज देश की सीमाओं की सुरक्षा करने में सक्षम है।