मेरठ। मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र की जमुना नगर कॉलोनी में गुरुवार को एक गद्दा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इस दौरान फैक्टरी की चपेट में एक मकान भी आ गया। वहीं आग की चपेट में आकर एक दो साल की बच्ची की मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
बताया गया कि जमुना नगर कॉलोनी के पास रसूल नगर में गद्दे की फैक्टरी में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फैक्टरी मालिक नफीस जमुना नगर का ही बताया जा रहा है।
फैक्टरी में करीब 11ः40 बजे आग लगी। आग लगने के दौरान अफसाना पत्नी समीम अपने बच्चों के साथ फैक्टरी में थी। महिला ने अपने बच्चों को समय रहते निकाल लिया। लेकिन ढाई साल की बच्ची मिस्बाह फैक्टरी में ही रह गई। आग की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने फैक्टरी मालिक को हिरासत में ले लिया है। सीओ किठौर भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।