चिल्ली पाड़ा शाहगंज बाजार से लगा हुआ ही है। गली के अंदर बवाल हुआ था। इसके बाद युवक बाहर आ गए। उन्होंने कुछ दुकानों को निशाना बनाया। आसिफ बेग की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में उनका भतीजा अमान बैठा था। अमान ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक आए। आते ही चांटा मारा। इसके बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी। सामान निकालकर फेंक दिया। इस दौरान गल्ले में रखे 16 हजार रुपये भी लूट लिए गए।
दूसरी दुकान हाजी पप्पू की है। उसको भी निशाना बनाया गया। उसमें तोड़फोड़ की गई। व्यापारियों का कहना था कि युवती की मौत के मामले से उनका कोई लेनादेना नहीं था। फिर भी उनकी दुकान को निशाना बनाया गया। उनका क्या कसूर था। क्षेत्र के लोगों का कहना था कि फईम कार मैकेनिक है, जबकि उसके पिता लोडिंग ऑटो चलाते हैं। परिवार किराये के मकान में पांच साल से रह रहा है। किसी को फईम की पत्नी की मौत की जानकारी नहीं थी। यह भी नहीं पता था कि दोनों ने प्रेम विवाह किया है। पुलिस के आने पर मौत का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज वायरल
जिन दुकानों में तोड़फोड़ की गई। उनमें सीसीटीवी कैमरे लगे थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इनके फुटेज कुछ ही देर में वायरल हो गए। इसकी जानकारी पर पुलिस को भी हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर रही है।
सीओ, इंस्पेक्टर मौके पर फिर भी बवाल, लगाई दौड़
युवती की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पुलिस पहुंच गई थी। सीओ लोहामंडी और इंस्पेक्टर भी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद बवाल हो गया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पत्थर फेंके जाने लगे। फायरिंग भी की गई। इस पर पुलिस को भी उल्टे पांव भागना पड़ा। पुलिस कर्मियों ने गली से बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। बाद में दूसरे थानों की फोर्स पहुंची। तब हालात ठीक हो सके।
पुलिस भी गली के अंदर पहुंच गई। वहीं भाजयुमा पदाधिकारी गौरव राजावत का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें वो पुलिस से कह रहे है कि तब से क्या कर रहे थे। वह युवती के परिवार को इंसाफ दिलाकर रहेंगे। उन्हें कुछ लोग रोक रहे हैं। तभी बवाल होने लगता है। फायरिंग की भी आवाज सुनाई दे रही है। पुलिसकर्मी भी भागते नजर आ रहे हैं।
शांति कायम करने को आगे आए क्षेत्रीय लोग
मोहल्ले के ही रहने वाले हाजी मशरूर अकबराबादी ने बवाल होने पर शांति की मिसाल पेश की। वह प्रबुद्ध लोगों के साथ आ गए। उनका कहना था कि मोहल्ले में मिश्रित आबादी रहती है। इसके बावजूद कोई बवाल कभी नहीं हुआ। कुछ लोगों ने बाहर से आकर माहौल खराब किया। इस पर लोगों ने विरोध किया। दोनों तरफ से बवाल हो गया। वह क्षेत्र में शांति चाहते हैं। मोहल्ले के लोगों में किसी तरह का तनाव नहीं है।
थाने का घेराव और नारेबाजी, विधायक पहुंचे
मृतका के परिजन थाना शाहगंज पहुंचे। इसकी जानकारी पर भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय और राम प्रताप सिंह चौहान के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आ गए। थाना का घेराव किया गया। एक घंटे तक नारेबाजी की गई। रात तकरीबन 11 बजे मृतका के परिजनों ने थाने पर तहरीर दी। थाना शाहगंज पहुंचे विधायक योगेंद्र उपाध्याय, राम प्रताप सिंह चौहान, पुरुषोत्तम खंडेलवाल का कहना था कि पुलिस मुकदमा दर्ज करके उचित कार्रवाई करे। जो भी दोषी है, उसे सजा मिलनी चाहिए।
मुकदमे दर्ज कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि युवती की मौत की जानकारी पर पुलिस पहुंची थी। युवक के परिजनों ने उसके फांसी लगाकर आत्महत्या की बात बताई। सीओ और निरीक्षक मौके पर मौजूद थे। तभी कुछ लोगों ने आकर हंगामा किया। इस पर दूसरे पक्ष के लोग जुट गए। तत्काल लोगों को हटाया गया। एसपी सिटी सहित फोर्स बुलाई गई। इलाके में शांति है। मृतका के परिजन और बवाल के मामले में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी। फायरिंग नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।