सहारनपुर. एमएलसी चुनाव (सहारनपुर मुजफ्फरनगर शामली मुजफ्फरनगर प्राधिकारी) में मंगलवार को जीत दर्ज करने वाली भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा ने एमए तक की पढ़ाई की है और करोड़पति है। इन्होंने अपने शपथ पत्र में स्पष्ट किया है कि उनकी आय का साधन कृषि व्यवसाय है। वंदना वर्मा मूल रूप से मुजफ्फरनगर जनपद के कुतुबपुर गांव की रहने वाली हैं।

जिला पंचायत सदस्‍य रह चुकी हैं
वह दो बार से जिला पंचायत की सदस्य हैं। इससे पूर्व में वह कोऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन भी रह चुकी हैं। इनके जेठ शशांक शेखर सिंह मायावती सरकार में कैबिनेट सेक्रेटरी थे, वंदना वर्मा जिला सहकारी बैंक की लगातार दो बार सभापति रह चुकी हैं। इनके पति मुदित वर्मा हैं। पंचायत चुनाव से पहले वंदना वर्मा भाजपा में शामिल हुई थीं।

बड़े अंतर से जीत दर्ज की वंदना की
एमएलसी चुनाव (सहारनपुर मुजफ्फरनगर शामली मुजफ्फरनगर प्राधिकारी) में भाजपा की वंदना मुदित वर्मा ने अपने प्रतिदंद्वी सपा के मोहम्मद आरिफ जौला को बड़े अंतर से पराजित कर इस सीट पर कब्जा कर लिया है। वंदना वर्मा को 3843 मत मिले, जबकि उनके प्रतिदंद्धी आरिफ को 842 वोट मिले। इस प्रकार वंदना वर्मा ने 3001 वोट के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

212 मत निरस्त घोषित किए
इस चुनाव में 5115 में से 4720 वैध मत पड़े थे। मतगणना के लिए 7 टेबल लगाई गई थी। एक टेबल रिटर्निंग ऑफिसर के लिए लगाई है। सबसे पहले बैलट पेपर खोलने का काम किया गया उसके बाद 25-25 के बंडल बनाए गए। मतों की गिनती में 212 मत निरस्त घोषित किये गए। 11 बजे मतों की गिनती पूरी कर ली गई। जिसमें भाजपा की वंदना वर्मा को 3843 वोट मिले। जबकि सपा के मोहम्मद आरिफ को 842 वोट मिले।

किसे कितने वोट मिले
इनके अलावा निर्दलीय सुशील कुमार को 11, मोहम्मद जाहिद को 6 व प्रमोद आर्य को 18 वोट प्राप्त हुए। 212 मत निरस्त घोषित किये गए। भाजपा प्रत्याशी की जीत की खबर मिलते ही भाजपाईयों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, खतौली विधायक विक्रम सैनी, एमएलसी चौधरी विरेंद्र सिंह, डीसीबी चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह, भाजपा के प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन आदि अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।