
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पुलिस ने आज वाहन चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना मास्क पाये गये वाहन चालकों पर कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूला गया। वहीं शिव चौक पर ई रिक्शा के आवागमन को रोकने के लिए मीनाक्षी चौक पर चैकिंग की गयी तो टीएसआई भी पूरी टीम के साथ सड़कों पर क्रेन लेकर उतरे और अवैध पार्किंग से वाहनों को उठवाकर पुलिस लाइन भिजवाया। शनिवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अन्तर्गत पुलिस ने कच्ची सड़क पर वाहन चैकिंग अभियान चलाया। यहां पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए वाहन चालकों की चैकिंग की। इस दौरान बिना मास्क पाये गये लोगों के चालान भी काटे गये। कुछ लोगों को सख्त हिदायत के साथ चेतावनी देकर भी छोड़ा गया। इससे क्षेत्र में मचा हड़कंप मचा रहा।
इसके साथ ही यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने शिव चौक पर ई रिक्शा के प्रतिबंध का पालन कराते हुए ई रिक्शाओं को शिव चौक जाने से रोका। यहां पर शिव चौक की ओर ई रिक्शाओं को नहीं जाने दिया गया। बता दें कि पुलिस की ओर से यातायात सुचारू बनाने के लिए शहर में कई स्थानों पर ई रिक्शाओं का आवागमन बंद कर रखा है। इनमें शिव चौक भी शामिल है, लेकिन फिर भी ई रिक्शाओं का शिव चौक पर आवागमन होता रहता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आज मीनाक्षी चौक पर पुलिस कर्मियों ने ई रिक्शाओं को रोकने के लिए अभियान चलाया। यहां पर यातायात पुलिस के सिपाहियों ने ई रिक्शा चालकों को शिव चौक नहीं जाने दिया।
यहां पर कुछ ई रिक्शाओं को पकड़ा गया, जबकि कुछ लोगों के द्वारा दोबारा शिव चौक नहीं जाने की शपथ पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इसके साथ ही टीएसआई वीर अभिमन्यु गंगवार द्वारा भी शहर में कई स्थानों पर अभियान चलाते हुए सड़क पर अवैध रूप से पार्क किये गये वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की। उन्होंने क्रेन के साथ सड़क पर अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों को उठवाकर पुलिस लाइन भिजवाया। उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहनों को खड़ा करने के लिए पूर्व में व्हाइट लाइन बनाई गयी थी। इस लाइन से बाहर वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है, लेकिन शहर में बेतरतीब वाहन पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बाधित बनी रहती है। आज कई वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की गयी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बच्चों को बांटे स्वेटर
मुजफ्फरनगर। कोरोना संकट के दौरान भले ही प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में शिक्षण कार्य नहीं हो पा रहा है, लेकिन सरकार द्वारा बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के प्रति संवेदनशील बनी हुई है। बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद् के स्कूलों में जर्सी और स्वेटर वितरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। आज सवेरे जिला बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अन्तर्गत सरवट में बच्चों को जर्सी व स्वेटर वितरण किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने कहा कि जनकल्याण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद संवेदनशील हैं। सरकार सभी वर्गों के कल्याण को लेकर कार्य कर रही है। शनिवार को सवेरे सरवट स्थित कम्पोजिट प्राथमिक पाठशाला में स्कूली बच्चों को शासन के निर्देश अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वेटर व मास्क का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला रहे। यहां पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम और नगर शिक्षा अधिकारी डा. सविता डबराल ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकों ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों को स्वेटर और जर्सी वितरित किए गए।
धमाकेदार ख़बरें
