
मुजफ्फरनगर। शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। मतदाताओं ने बूथों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कहीं बूथों पर मतदाताओं की लाइन लगी रही तो कहीं मतदान प्रक्रिया धीमी गति से चली। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों के बीच मतदान के लिए शहर के केंद्रों पर खासा उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और उनकी पत्नी डॉ. सुनीता बालियान ने बघरा ब्लॉक मे मतदान किया। वहीं प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल मालवीय कॉलेज में वोट देने पहुंचे। दोपहर दो बजे तक स्नातक सीट पर 29.30 और शिक्षक सीट पर 43.08 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे साफ है कि स्नातक सीट पर वोटिंग की गति धीमी रही।
मेरठ-सहारनपुर शिक्षक और स्नातक सीट के चुनाव के लिए जिले में बनाए गए 13 मतदान केंद्रों पर सुबह शांति पूर्वक मतदान शुरू हुआ। आज तमाम नेताओं ने भी वोट डाला। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और उनकी पत्नी डॉ. सुनीता बालियान ने बघरा ब्लॉक मे बनाए गए मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज पर प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल व पूर्व विधायक डॉ सुरेश संगल ने अपना वोट डाला। पूरी व्यवस्था पर डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव नजर बनाए रहे। एडीएम प्रशासन अमित कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने भी नगर में व्यवस्था संभाली। तमाम स्थानों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाए गए बूथों पर पार्टी के बडे नेता मौजूद रहे। भाजपा के जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला व पूर्व चेयरमैन डॉ सुभाष शर्मा समेत तमाम पदाधिकारी सक्रिय नजर आए। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरेंद्र त्यागी व मौ तारिक आदि भी बूथों पर दिखे। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी व गौरव स्वरूप आदि ने भी बूथों का भ्रमण किया।
जनपद में विधान परिषद चुनाव के लिए 56 बूथ पर आज सुबह वोट डालने का काम शांति पूर्ण ढंग से शुरू हुआ, लेकिन स्नातक सीट पर वोटिंग धीमी रही। तमाम केंद्रों के पास विभिन्न प्रत्याशियों के बस्तों पर भीड जुटी रही। भाजपा, सपा और कांग्रेस के नेता भी वहां मौजूद रहे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम है। सुबह से ही वोटिंग के लिए मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने लगे। मालवीय कॉलेज में जनपद का सबसे बड़ा मतदान स्थल है, जहां 11000 मतदाता हैं। आज मतदान के दौरान शहर के अलावा खतौली, जानसठ, बुढाना और मीरांपुर, बघरा, पुरकाजी, चरथावल व मोरना समेत तमाम स्थानों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचे। जानसठ में उपजिलाधिकारी जानसठ अजय कुमार अम्बष्ट, तहसीलदार जानसठ अभयराज पाण्डे, क्षेत्राधिकारी भोपा सोमेन्द्र नेगी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। भोपा में थानाध्यक्ष भोपा सूबे सिंह यादव, थानाध्यक्ष ककरौली मुकेश सोलंकी मोरना मतदान केन्द्र पर तैनात रहे। चरथावल विकासखंड में बनाए गए एमएलसी मतदान केंद्र का सीओ सदर कुलदीप कुमार ने औचक निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने वहां समस्त पुलिस कर्मियों आवश्यक दिशा-निर्देश निर्देश दिए साथ ही साथ एसडीएम सदर दीपक कुमार ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। खतौली में भाजपा के प्रभारी बिजेंद्र पाल के साथ पूर्व विधायक अशोक कंसल तथा व्यापारी नेता राहुल गोयल व विजय वर्मा ने व्यवस्था का जायजा लिया।
पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने सुबह से ही शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक किया और उन्हें उनके वोट का महत्व समझाया। उन्होंने अपने परिवार समेत मतदान किया। चेयरमैन ने वैदिक पुत्री इंटर कॉलेज, दीपचंद ग्रेन चेंबर इंटर कॉलेज व मालवीय कॉलेज जाकर उपस्थित कर्मचारियों से पालिका स्तर की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पालिका द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर संतोष जताया गया। इसके बाद पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने अपने पुत्र प्रमुख उद्योगपति अभिषेक अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी वंशिका अग्रवाल के साथ अपना वोट डाला। एमएलसी चुनाव को लेकर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था वैदिक पुत्री इंटर कॉलेज वह ग्रेन चेंबर इंटर कॉलेज में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोपहर बाद तक 40 प्रतिशत वोटिंग हुआ। नई मंडी में ग्रेन चेम्बर इंटर कॉलेज के अंदर सेक्टर मजिस्ट्रेट योगेंद्र पाल सिंह ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला।
विधान परिषद चुनाव की गहमागहमी के बीच जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव द्वारा मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंनं ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ किया एवं मतदाताओं से वार्ता कर सुरक्षा एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने हेतु बताया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल को कोविड-19 से बचाव हेतु आवश्यक बातें भी बतायी गयी तथा वोटिंग के लिए आने वाले सभी व्यक्तियों को सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करवाने हेतु निर्देशित किया गया। जनपद में स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन एक्टिव मोड पर है और लगातार सुरक्षा व्यवस्था शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए निरंतर भ्रमण पर रहे। इसी कड़ी में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने मालवीय कॉलेज के समेत तमाम मतदान स्थलों पर पहुंच कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी अभिषेक यादव भी भारी पुलिस फोर्स के साथ मतगणना स्थल पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर छोटी-छोटी खामियों को अधीनस्थ अधिकारियों को उन्हें दुरूस्त करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने एजेंटों से भी बातचीत कर कहा कि मतदान में किसी तरह की भी कोई असुविधा हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से भी की बातचीत कर पूरी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए भी मतगणना स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान कार्मिकों के लिए पीपीई किट, मास्क, सेनेटाइजर, ग्लब्ज आदि की व्यवस्था की गई है। किसी भी तरह की घटना से निबटने को पूरा पुलिस फोर्स हर तरह से तैयार है ।
धमाकेदार ख़बरें
