मुजफ्फरनगर।  थाना सिविल लाइन क्षेत्र में देर रात मोहल्ला हाजीपुरा में महिला अफसाना (32) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। अभी तहरीर नहीं दी गई है।

थाना सिविल लाइन के मोहल्ला महमूद नगर निवासी महिला की शादी 14 साल पहले हाजीपुरा मोहल्ले में रहने वाले शहाबुदीन के साथ हुई थी, उनके परिवार में दो बेटे है। शुक्रवार रात महिला की तबीयत बिगड़ गई। तब महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में ले जाया गया।

डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना उसके भाई महमूद नगर निवासी अलताफ को दी तो वह जिला अस्पताल पर पहुंचा। उसने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस व डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को मोर्चरी भेज दिया।
थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। महिला की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो पाएगा। प्रथम तौर पर जानकारी मिली है कि महिला पिछले कई साल से बीमार थी, उसके पैर कम काम करते थे। महिला का पति मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। तबीयत बिगड़ने पर महिला को अस्पताल ले जाया गया था। सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि तहरीर देने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।