मेरठ। मेरठ के सलावा गांव में प्रस्तावित प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का नक्शा भारत सरकार के परिवेश पोर्टल पर अपलोड हो गया है। करीब 700 करोड़ से 91 एकड़ एरिया में बनने वाले इस विश्वविद्यालय में ओलंपिक स्तरीय स्वीमिंग पूल और तीन शूटिग रेंज बनेंगी। नए वर्ष में विवि का निर्माण शुरू हो जाएगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में छह महीने पूर्व प्रदेश के खेल विश्वविद्यालय की घोषणा की थी। खेल दिवस पर इसका नामकरण मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया। सिंचाई और वन विभाग ने 91 एकड़ जमीन खेल विभाग के नाम कर दी है।
परिवेश पोर्टल पर अपलोड साइट प्लान के मुताबिक यहां निशानेबाजों के लिए दस मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की तीन शूटिंग रेंज बनेंगी। विश्वविद्यालय में खेलों पर शोध भी होगा। कैंपस में बैंक और पोस्ट ऑफिस भी होगा। स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए अलग से प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। 

फैक्ट फाइल:
700 करोड़ आएगी लागत
91 एकड़ जमीन फाइनल
100 व 400 मीटर के लिए एथलेटिक ट्रैक 

खेल विश्वविद्यालय में हॉकी के लिए विशाल मैदान, चार लॉन टेनिस कोर्ट, चार वालीबॉल कोर्ट, दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो हैंडबॉल कोर्ट, योगा हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, 100 व 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक भी होगा।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय धावक व एथलेटिक कोच विशाल सक्सेना ने कहा विवि खेलों के साथ खेल शिक्षा का हब बनेगा। जिसमें उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे भारत का एक बड़ा केंद्र बनेगा। स्पोर्ट्स सिटी कहे जाने वाले मेरठ के खेल उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को विवि बनने से लाभ मिलेगा। खिलाड़ियों को खेल शिक्षा पर शोध का लाभ भी मिलेगा।