बागपत। बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बीती रात दो कारों के बीच हुई जबरदस्त भिडंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार सवार अन्य लोग घायल हो गए। महिला की अस्पताल में हुई मौत पर परिजनों ने समय से उपचार न मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने लोगां को समझा-बुझाकर मामला शांत किया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल्ली के विकासपुरी निवासी भारती (23) बृहस्पतिवार की देर रात अपने पति पुनीत शर्मा व पुनीत के दोस्त संजय चौहान के साथ कार में सवार होकर शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर में एक लड़के की बरात में शामिल होने जा रही थी।
जैसे ही उनकी कार बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर दाहा-भड़ल गांव के बीच पहुंची, तो सामने से तेज गति से आ रही कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें भारती, पुनीत व संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों व पुलिस ने तीनों घायलों को बड़ौत नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर भारती की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने चिकित्सकों पर समय पर उपचार न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनकी चिकित्सकों व कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई।
हालांकि पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। उधर, महिला की मौत से परिजन गमगीन है। इस मामले में दोघट थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।