ग़ाज़ियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के बम्हेटा गांव में रविवार रात को साहिबाबाद मंडी में मुनीम के रूप में कार्यरत अमल सिंह की रिश्तेदारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने पिता पुत्र को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी। रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में गोली मारने का कारण फिलहाल सामने आया है। डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने बताया कि मूल रूप से अमरोहा जिले के धनोरा निवासी गांव निवासी अमल सिंह यादव यहां बम्हेटा गांव में रहते थे। वह अपने रिश्तेदार जिले सिंह जो साहिबाबाद सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करता है, के यहां मुनीम गिरी करते थे।
आरोप है कि पिछले छह महीने से अमल सिंह और जिले सिंह के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार शाम को अमल सिंह अपने प्लॉट में कुछ निर्माण कार्य कर रहे थे, करीब आठ बजे तभी जिले सिंह अपने बेटे अतुल यादव के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर दोबारा कहासुनी हुई। इसी दौरान जिले सिंह और अतुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। मौके पर पहुंची अमल सिंह की मां जावित्री ने बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
विवेक यादव ने बताया कि जिले सिंह और अतुल को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। रुपये के लेनदेन की बात सामने आ रही है। कुल चार लोगों पर अमल सिंह की मां ने हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई तथ्य सामने आएंगे।