मुजफ्फरनगर। बढ़ती गर्मी अपना रौद्र रूप धारण कर रही है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। चिलचिलाती धूप में लोग परेशान हैं। दुपहरी में भीड़भाड़ वाली सड़कें भी खाली-खाली नजर आने लगी हैं। पंखे, कूलर आदि की हवा भी गर्म लगने लगी है।

अप्रैल माह की गर्मी रोजाना अपना रिकार्ड तोड़ रही है। आए दिन पारा छलांग रहा है। खेतों में गेहूं की कटाई व थ्रेसिग का कार्य चरम पर चल रहा है। खेत में काम कर रहे किसान व मजदूरों को चिलचिलाती धूप परेशान कर रही है। गेहूं कटाई कर रहे मजदूर हलकान हैं। बीच-बीच में वह कार्य छोड़कर पेड़ों की छाया का सहारा ले रहे हैं। हवा ने लू का रूप धारण कर लिया है। लू के थपेड़े दो पहिया वाहनों पर सवार लोगों के चेहरों को झुलसा रहे हैं।

वाहन सवार झुलसने से बचने के लिए चेहरे को कपड़े से ढककर चल रहे हैं। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के अनुसार 21 अप्रैल को तेज हवा व धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। भीषण गर्मी में ऐसे बरते एहतियात

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डा. योगेंद्र त्रिखा का कहना है कि इस समय गर्मी भीषण रूप ले चुकी है। दोपहर के समय अधिक गर्मी के साथ धूप होने पर सभी आयु वर्ग के लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। दोपहर 12 से तीन बजे के बीच आवश्यक काम होने पर ही बाहर निकला जाए। वहीं धूप से बचने के लिए छाता और चश्मे का प्रयोग करें। गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक की समस्या पैदा हो जाती है, जिससे जान जाने का भी खतरा बन जाता है। सभी लोग गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पीएं और मौसमी फलों का सेवन करें। बासी भोजन से बचें। पेट में समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। बिना चिकित्सक परामर्श के दवा का सेवन न करें। —- गर्मी के साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य

कोरोना की मार झेलने के बाद सभी लोग बीमारियों को लेकर सतर्क हो गए हैं। अब गर्मी में बढ़ने वाली बीमारियों के साथ कोरोना के मिल रहे संकेत से भी अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। सीएमओ डा. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि कोरोना को लेकर अस्पतालों में सावधानी बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं, लेकिन अभी लोग कोरोना को लेकर सतर्क नहीं दिख रहे हैं। एनसीआर में कोविड प्रोटोकाल लागू करने का आदेश जारी हुआ है। इसके साथ ही लोगों को भी सावधान किया जा रहा है। चिकित्सकों के पास पहुंचने से लेकर स्कूलों में पढ़ाई करने के लिए पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को मास्क लगाकर ही काम करने की आवश्यकता है। गर्मी के कारण पहले ही बीमारियां मरीजों को घेर लेती हैं, ऐसे में शरीर में हल्की सी परेशानी होने पर उसे गंभीरता से लें। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि ठंडे पेय पदार्थो का सेवन करने से बचा जाए। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए ताजे फल, सब्जी का सेवन करें।