गाजियाबाद।  दुहाई में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुधवार को जीडीए का बुलडोजर चला। नक्शा पास कराए बगैर प्लाट काटे जाने की सूचना पर जीडीए की टीम पहुंची थी। यहां नमो भारत स्टेशन के पास काॅलोनी काटी जा रही है। सिर्फ दुहाई नहीं। नमो भारत के लगभग सभी स्टेशन के पास खेतों में बाउंड्री करके प्लाट काटे जा रहे हैं। जीडीए का प्रवर्तन दल इन पर कार्रवाई कर रहा है। इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। मोदीनगर, मुरादनगर और गुलधर स्टेशन के आसपास सबसे ज्यादा अवैध प्लाटिंग की जा रही है। इनमें आधी से ज्यादा प्लाट ऐसे हैं जिन्हें खरीदने के एक से दो साल बीत जाने पर लोग इमारत नहीं बना पा रहे हैं। जैसे ही इमारत बनती है, जीडीए की टीम ध्वस्त करने पहुंच जाती है।

इसी तरह की शिकायतें बम्हेटा से आ रही हैं। यहां भी जीडीए की टीम कार्रवाई कर चुकी है। जीडीए के अपर सचिव पीके सिंह ने बताया कि दुहाई में खसरा संख्या 468 पर संजय चौधरी, अजय कुमार और संजीव चौधरी द्वारा अनधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़क, विद्युत खंभों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध किया गया। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया।