गाजियाबाद। थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद महिला की तबीयत खराब हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक महिला परिवार के साथ रहती है। महिला ने बताया कि पड़ोसी अरुण रात के समय उनके घर में चोरी छुपे आ गया था। महिला ऊपर छत पर सो रही थी। लाइट आने पर महिला जब नीचे आई तो आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद महिला की तबीयत खराब हो गई तो आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला ने बताया कि आरोपी उसे फोन करके परेशान करता था। महिला ने उसका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल रखा है। एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर अरुण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।