गाजियाबाद।  कोतवाली क्षेत्र के बंथला फ्लाइओवर के पास रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने दुल्हे के चाचा से पैसों से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब साढ़े 3 लाख रुपये रखे थे। पीड़ित ने शोर मचाकर रोकने का प्रयास किया। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई।

नई दिल्ली में रहने वाले इंद्रपाल सिंह ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने बेटे की शादी लोनी में तय की थी। रविवार को उनके बेटे की बारात लोनी पहुंची थी। लड़की वालों ने बारात को रोकने का इंतजाम बंथला फलाईओवर के पास मैरेज में कर रखा था। शादी की रस्म चल रही थी। वह अपने भाई किरणपाल के साथ व अन्य महमानों के साथ किसी काम से मैरेज होम के बाहर गेट पर आए। वह सभी एक दूसरे के साथ बात कर रहे थे। उनके हाथ में थैला था। जिसमें करीब साढ़े तीन लाख रुपये रखे थे।

उन्होंने बैग अपने भाई किरणपाल को सौंप दिया। इसके बाद वह कुछ करने लगे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके भाई के पास आकर रूके। बदमाश सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनसे पैसों से भरा बैग छीन लिया और भागने लगे। उनके भाई ने शोर मचाया और बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े।

लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी उन्होंने स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी लोनी सूर्यबली मोर्य ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।