मुजफ्फरनगर। विधानसभा उप चुनाव प्रक्रिया के चलते एसपी क्राइम व सिटी मजिस्ट्रेट ने कूकड़ा मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया। मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम स्थल व फोर्स के ठहराने वाले स्थान को भी देखा और नई मंडी कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए।
उप चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस चुनाव से संबंधित हर बारीक बिंदु पर गौर कर रही है। बारीकि से जांच पड़ताल व देखरेख की जा रही हैं। बताया कि उपचुनाव होने के बाद की प्रक्रिया मुजफ्फरनगर की कूकड़ा मंडी में संपन्न होगी। मतगणना भी यहां पर ही होगी और वोटिंग मशीन भी यहां पर ही स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी। सोमवार दोपहर में एसपी क्राइम प्रशांत कुमार ने सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार व नई मंडी कोतवाली पुलिस के साथ कूकड़ा मंडी का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतगणना के लिए मंडी के चबूतरे को देखा और इसके बाद स्ट्रांग रूम बनाने के लिए गोदाम को देखकर स्थिति को परखा। उन्होंने स्ट्रांग रूम व सुरक्षा के लिए कूकड़ा मंडी में ठहराई जाने वाले अर्द्धसैनिक बलों के लिए भी स्थान को देखा। वहां पर पानी, लाइट की व्यवस्था को देखा। अधिकारियों ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।
एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि खतौली में विधानसभा उप चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है। शांति बनाए रखने के लिए खतौली विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले दो हजार लोगों को मुचलका पाबंद कराया गया है।