
मुज़फ्फरनगर। एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले जिले के तीन खिलाडियों को आज राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होने जहां मोदी सरकार पर हमला बोला, वहीं लोकसभा चुनाव में सपा-रालोद गठबंधन के बीच सीटों के समन्वय तथा मुजफ्फरनगर सीट पर किस पार्टी के खाते में आएगी, इसे लेकर बडा बयान दिया। खबर से आखिर में देखें वीडियो
बसेड़ा गांव में आज कबड्ड़ी खिलाड़ी अर्जुन देशवाल के सम्मान समारोह में जयंत सिंह ने कहा कि सरकार का दावा है कि देश जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। लेकिन याद रखना चाहिए कि टोक्यो ओलंपिक में सिर्फ सात पदक मिले थे। हम हर बात की तुलना चीन से करते हैं। चीन ने जैसे-जैसे आर्थिक तरक्की की है, उसका खेल में भी प्रदर्शन बेहतर हुआ है।
जयंत चौधरी ने कहा कि देश विकास करेगा तो लोगों की आर्थिक तरक्की होगी और खेलों में भी पदक मिलेंगे। साल 2009-10 का केंद्र सरकार ने 3670 करोड़ का बजट खेल के लिए दिए दिया था। करीब 15 साल बाद 2023-24 में बजट 3400 करोड़ रखा गया। यानी बजट घट गया है। व्यवस्था जमीनी स्तर पर नहीं है।
चौधरी जयंत ने कहा कि इंटर स्कूल प्रतियोगिता होनी चाहिए। प्रत्येक जिले में मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण होना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को खेलों की जानकारी होगी और उत्सुकता व प्रोत्साहन बढ़ेगा।
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि उनकी निधि खेल और खिलाड़ियों के लिए हैं। बसेड़ा के ग्रामीण भी कबड्डी मैदान के लिए जमीन की तलाश कर लें। उसके निर्माण में जो खर्च आएगा, वह देंगे। खुद 30 लाख देंगे और इसके अलावा क्षेत्र के विधायक अनिल कुमार की निधि से दिलाएंगे। ग्रामीणों से प्रस्ताव मांगा है।
धमाकेदार ख़बरें
