बड़ौत। नगर के बिनौली मार्ग पर सर्विस रोड के चौड़ीकरण के लिए टीम शुक्रवार को निशानदेही करने पहुंची। जहां पर लोगों ने पैमाइश का विरोध किया। इस दौरान लोगों की आपस में नोकझोंक भी हुई। इसके बावजूद टीम निशानदेही कर लौट गई।
बिनौली मार्ग पर गत ढ़ाई साल से ओवरब्रिज व अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। इस कारण सर्विस रोड की चौड़ाई कम हो गई है, जिसका आसपास के लोगों ने विरोध किया। वहीं पूर्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर राजस्व रिकाॅर्ड के अनुसार लोगों ने सर्विस रोड की पैमाइश कराकर निर्माण कराने की मांग की थी। जहां एक सप्ताह पूर्व नगर पालिका व राजस्व विभाग की टीम पैमाइश करने के लिए पहुंची थी।
मगर, लोगों ने विरोध कर टीम को वापस लौटा दिया था। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका व राजस्व की टीम पैमाइश के लिए पहुंची। राजस्व टीम के रिकार्ड में इसकी चौड़ाई 20 मीटर है। मगर, वहां मौके पर 18 मीटर की चौड़ाई मिली, जबकि अन्य दो मीटर पर लोगों का कब्जा पाया गया है।
निशानदेही के दौरान लोगों ने टीम का विरोध किया। इसके बावजूद टीम राजस्व रिकार्ड के अनुसार पैमाइश करने के बाद निशानदेही कर लौट गई। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
लोगों की मांग पर टीम भेजकर सर्विस रोड की पैमाइश कराई गई। निशानदेही के अनुसार यदि लोगों का अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटवाया जाएगा। – मनीष यादव, एसडीएम बड़ौत