बागपत। रालोद व बसपा के बाद अब सपा ने अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है। सपा ने जाट कार्ड खेलते हुए मनोज चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। इस तरह जाट वोटों में बिखराव होता है तो रालोद-भाजपा गठबंधन के लिए परेशानी बढ़ सकती है। ककड़ीपुर गांव के रहने वाले मनोज चौधरी राजनीति शुरू करने से सपा के साथ जुड़े हैं। उनको सपा ने वर्ष 2012 में पहली बार छपरौली विधानसभा से टिकट दिया था, मगर वह हार गए थे। उसके बाद दोबारा से वर्ष 2017 में छपरौली से चुनाव मैदान में उतारा गया, जिसमें उनको काफी अच्छे वोट मिले थे। मगर उस बार भी वह जीत दर्ज नहीं कर सके। वह सपा के छह साल तक जिलाध्यक्ष भी रहे।
सपा से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने के लिए कई नाम चल रहे थे। सपा ने एक महीने पहले ही ककड़ीपुर गांव के रहने वाले जाट बिरादरी से मनोज चौधरी को लोकसभा प्रभारी बनाया था। इसके बाद मनोज चौधरी को टिकट मिलने की ज्यादा उम्मीद थी और अब जाट कार्ड खेलते हुए सपा ने मनोज चौधरी के नाम की घोषणा की।