मुजफ्फरनगर। जनपद में एक दरिन्दे की हवस के कारण दो परिवारों पर दुख का पहाड ढहा दिया था। इन पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए आज रालोद नेता उनके घर पहुंचे थे। रालोद नेताओं ने इन परिवारों को जयंत चौधरी का संदेश पहुंचाने के साथ ही आर्थिक मदद भी प्रदान की। इस गांव में इन परिवारों के दो बच्चों को कुकर्म का शिकार बनाया गया था। एक बच्चे की हत्या कर दी गयी थी।
बुधवार को खतौली क्षेत्र के गांव जसौला में रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी के साथ युवा रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष लतेश विघूडी, विकास बालियान, कमल गौतम ने पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान रालोद नेताओं ने जयंत चौधरी द्वारा भिजवाया गया संदेश इन परिवारों तक पहुंचाने के साथ ही दुख की इस घडी में आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
ज्ञात रहे कि 21 मार्च को जसोला गांव में लगभग 11 बजे दो मासूम बच्चे खेलते हुए अचानक लापता हो गए। दोनों मासूम बच्चों को कुछ लोग उठा ले गए। इन लोगों ने मासूम बच्चों के साथ के दुष्कर्म किया। इस दौरान 9 वर्षीय बच्चे की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी जबकि दूसरे 6 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर थी।
बच्चों के परिजन लापता बच्चों को ढूंढते हुए एक किसान के खेत के पास गए। यहां एक बच्चे का शव मिला था। वहीं, दूसरा 6 वर्षीय बच्चा भी गंभीर हालत में मिला जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद एसएसपी अभिषेक यादव और एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय के साथ एसडीएम खतौली इंद्रकांत द्विवेदी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों की माने तो पुलिस जांच पड़ताल में पता चला कि घटना को अंजाम देने वाला दरिंदा लगभग 22 साल पहले अपने बुआ-फूफा की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।