ग़ाज़ियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की कॉलोनी में 14 साल की किशोरी के साथ उसके फूफा द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। बॉर्डर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में महिला परिवार के साथ रहती हैं। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 14 साल की है। उनके पति मजदूरी करते हैं।
उनके ननदोई बॉर्डर थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रहते हैं। उनकी बेटी को फूफा अनिल कुमार ने अपने घर में रोटी बनवाने के लिए बुलाया था। घर बुलाकर आरोपी फूफा ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी दी थी। फूफा के डर के चलते उसने किसी को कुछ नहीं बताया। किशोरी जब घर में गुमसुम रहने लगी, तो परिजनों को शक हुआ। पहले तो किशोरी ने कुछ नहीं बताया। बाद में किशोरी ने अपने फूफा की करतूत बता दी।
इसके बाद परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अनिल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। किशोरी का मेडिकल और बयान दर्ज कराए जाएंगे।