मुजफ्फरनगर। विधान परिषद चुनाव में स्नातक तथा शिक्षक सीट के लिए जिले में बनाए गए 13 मतदान केंद्रों पर आज सुबह शांतिपूर्वक मतदान शुरू हुआ। हालांकि मतदान की गति काफी धीमी रही ओर दोपहर 2 बजे तक स्नातक सीट के लिए 29.30 तथा शिक्षक सीट के लिए 43.8 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान तमाम नेताओं ने भी वोट डाला। महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज पर प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल व पूर्व विधायक डॉ सुरेश संगल ने अपना वोट डाला। पूरी व्यवस्था पर डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव नजर बनाए रहे। एडीएम प्रशासन अमित कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने भी नगर में व्यवस्था संभाली।


जनपद में विधान परिषद चुनाव के लिए 56 बूथ पर आज सुबह वोट डालने का काम शांति पूर्ण ढंग से शुरू हुआ। केंद्रों के पास विभिन्न प्रत्याशियों के बस्तों पर भीड जुटी रही। भाजपा, सपा और कांग्रेस के नेता भी वहां मौजूद रहे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम है। मतदान केंद्रों पर हैंड सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई। सुबह से ही वोटिंग के लिए मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने लगे। मालवीय कॉलेज में जनपद का सबसे बड़ा मतदान स्थल है, जहां 11000 मतदाता हैं। आज मतदान के दौरान शहर के अलावा खतौली, बुढाना और मीरांपुर समेत तमाम स्थानों पर मतदाता पहुंचे।

जानसठ में उपजिलाधिकारी जानसठ अजय कुमार अम्बष्ट, तहसीलदार जानसठ अभयराज पाण्डे, क्षेत्राधिकारी भोपा सोमेन्द्र नेगी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। भोपा में थानाध्यक्ष भोपा सूबे सिंह यादव, थानाध्यक्ष ककरौली मुकेश सोलंकी मोरना मतदान केन्द्र पर तैनात रहे। चरथावल विकासखंड में बनाए गए एमएलसी मतदान केंद्र का सीओ सदर कुलदीप कुमार ने औचक निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने वहां समस्त पुलिस कर्मियों आवश्यक दिशा-निर्देश निर्देश दिए साथ ही साथ एसडीएम सदर दीपक कुमार ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।