शामली। कांधला कस्बे में एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर स्वजन ने उसे एक क्लीनिक पर भर्ती कराया। डाक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया, इसके बाद बाद महिला की मौत हो गई। स्वजन ने डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

कांधला कस्बे में झोलाछाप डाक्टरों की बाढ़ आई हुई है। फर्जी डाक्टर मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। शिकायत के बाद चिकित्सा अधिकारी खानापूर्ति कर पल्ला झाड़ लेते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। कस्बा निवासी युवती रेशमा की शादी कैराना क्षेत्र में हुई थी। महिला गर्भवती थी और एक माह पूर्व कस्बे में अपने मायके आई हुई थी। मंगलवार की शाम को महिला को प्रसव पीड़ा हुई। इस दौरान पीडित की मां ने उसे एक प्राइवेट क्लीनिक में ले गई। आरोप है कि डाक्टर ने उसे जबरदस्‍ती भर्ती कर लिया।

आरोप है डाक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। थोड़ी देर बाद महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन ने क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की सूचना पर ससुराल वाले भी मौके पर आ गए थे। मौत के बाद स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है। महिला की मां ने डाक्टर व उसकी पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।