शामली. खोडसमा में प्रदेश सरकार की 317 बीघा भूमि का आवंटन न होने के कारण खाली पड़ी भूमि पर अजीजपुर व अब्दाननगर के अवैध कब्जाधारकों ने गन्ने, धान, उड़द सहित पशुओं के लिए चारे की फसल बो रखी थी। शुक्रवार को प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से उगाई गई फसल पर टैक्टर चलवाया और फसल का खुर्दबूर्द कर नष्ट कर दिया। साथ ही 50 बीघा पशु चारा पर प्रशासन की टीम ने कब्जा कर गौशालाओं के सुपुर्द कर दिया। कार्यवाही के दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती रही।

चौसाना क्षैत्र के गांव खोडसमा में प्रदेश सरकार की तकरीबन 2200 बीघा भूमि आरक्षित है। भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर खोडसमा हमेशा विवादों में रहता है। शुक्रवार को एसडीएम ऊन निकिता शर्मा के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम खोडसमा पहुंची और खसरा संख्या 824 में दर्ज 317 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। बता दें कि तहसील प्रशासन ने वर्ष 2019-21 के लिए मांगेराम निवासी अब्दाननगर को खसरा संख्या 824 का आवंटन किया गया था।

मांगेराम ने नीलामी के बाद दो साल के लिए पन्द्रह लाख रुपये को जमा कराया था। जिसके बाद नवाब निवासी खोडसमा को भूमि का आवंटन तो हुआ लेकिन किन्ही कारणों के चलते आवंटन को रद्द कर भूमि को पंचायत की देखरेख में छोड़ दिया गया। इसी दौरान अजीजपुर व अब्दाननगर के 10 से 12 लोगों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया और अलग -अलग फसल को उगा लिया। राजस्व विभाग की टीम ने सैकड़ों बीघा भूमि से फसल नष्ट कर कब्जा जमा लिया।