शामली। श्यामली-श्यामाला गांव में रजवाहे की पटरी पर जले हुए बिटोड़े में हडि्डयां मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक एक्सपर्ट एवं डाग स्क्वायड से छानबीन कराई। राख में मिली हड्डियों के अवशेष फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं। हड्डियां किसकी हैं यह स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन राख में मेटल की चूडियां और कंगन मिलने से माना जा रहा है कि वह किसी युवती अथवा महिला के हैं। हालांकि पुलिस मामले में गंभीरता से जांच करने में लगी हुई है।

फुंका बिटोड़ा देख फैली अफवाह
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव श्यामली श्यामला व नयागांव के बीच रजवाहे की पटरी पर भंवर सिंह नामक किसान का बिटोड़ा रखा था। शनिवार सुबह लगभग आठ बजे भंवर सिंह की पत्नी केला वहां पहुंची तो बिटोड़ा फुंका हुआ था। महिला ने यह जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके साथ ही यह अफवाह फैल गई कि बिटोड़े में किसी व्यक्ति को जलाकर मार दिया गया है। इसके बाद चौसाना चौकी पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया।


फोरेंसिक एक्सपर्ट व डाग स्क्वायड ने की जांच
घटनास्थल को येलो टेप से सुरक्षित करा दिया गया। इसके बाद एसएसपी अभिषेक, एएसपी ओपी सिंह और एसडीएम ऊन निकिता शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट एवं डाग स्क्वायड को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने राख से हड्डियों के अवशेष इकट्ठा किए। राख से मेटल की चूडी व एक कंगन भी मिला है, जिसको जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। मेटल की चूड़ी और कंगन मिलने से पुलिस को जांच के लिए लाइन मिल गई है।

गुमशुदा युवतियों के बारे में जुटाई जा रही जानकारी
जले हुए बिटोड़े से हडि्डयों के अवशेष एवं चूड़ी मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र से लापता युवतियों के बारे में जानकारी जुटानी आरंभ कर दी है। लापता युवतियों के स्वजन से भी संपर्क किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता किया जा रहा है कि पूर्व में जो युवितयां अथवा महिला लापता हो गई थीं, बरामद होने के बाद वह कहां पर हैं।

एसएसपी अभिषेक ने कहा –
फुंके हुए बिटोड़े से हडि्डयों के अवशेष मिले है। फोरेंसिक टीम से छानबीन कराई है। हड्डियों के अवशेष जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं। स्थानीय लोगो से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।